Manifestation • Mindset • Abundance • Blessings Your future self has brought you here. Time to Align, Attract & Evolve, Now🦸
ये मनुष्य जीवन कोई छोटी-मोटी बात नहीं, ये आपके हाथ में थमाया गया एक ब्रह्मांडीय लॉटरी का टिकट है ✨ एक ऐसा दुर्लभ अवसर जहाँ आप अपने भीतर छिपे उस अनंत, बेजोड़ ईश्वरत्व को पहचान सकते हैं, उसे जीवंत कर सकते हैं। बाक़ी दुनिया के जीव तो बस पैदा होते हैं, खाते हैं, पीते हैं और मर जाते हैं। आप? आप उन सब से ज्यादा हैं। कम से कम, ज़्यादा बनने की संभावना तो रखते ही हैं 🤭
आपके भीतर एक खदान है, जो हीरे-मोतियों से भरी पड़ी है। पर आप उसे कोयले का ढेर समझकर बैठे हैं। उन अनगढ़ हीरों को गढ़ना था, चमकाना था! भीतर दबी ज्योति को प्रज्वलित करना था, ताकि आपकी आत्मा का प्रकाश दूर तक फैले। जिस गीत को आप गाने आए थे, उसे गाना था। जिस नृत्य को आपके पैर थिरकने को बेताब हैं, उसे प्रकट करना था। जिस ख़ुशबू को आप आने साथ लेकर आए हैं, उसे हवाओं में घोलना था। पर आप क्या कर रहे हैं? अपनी ही रोशनी को छुपा रहे हैं, अपने गीत का गला घोंट रहे हैं! आप तो उस बीज की तरह हैं जिसे महावृक्ष बनना था, पर आप उसे यूँ ही ज़मीन के भीतर दबा ही रहने देना चाहते हो। क्यों जी 🤔??
आप सम्राट बनने आए थे, गर्जना करने आए थे — “अहं ब्रह्मास्मि” (मैं ही ब्रह्म हूँ) पर देखिए ज़रा खुद को, क्या कह रहे हैं, क्या कर रहे हैं? समझ ही नहीं आता।
होश में आइए। आज के इस रविवारीय लेख का एक ही सार है: समय रहते होश में आ जाइए, जाग जाइए।
वही मार्ग चुनिए जो उजालों की ओर ले जाता है, न कि अंधकार की ओर। अपनी बेहोशी, नादानी, मूर्खता, अपने अहंकार, चिंता या लोभ की वजह से जो कुछ भी आप कह रहे हैं, सुन रहे हैं, या कर रहे हैं, उसे तुरंत रोक दीजिए।
क्योंकि जब आप होश से भरेंगे, तभी आप वह सब कर पाएँगे जो आपको समय के पार ले जाएगा। वही आपको अपनी आत्मा की अजरता और अमरता का अनुभव करवाएगा, उसकी पुष्टि करवाएगा। वही आपको वास्तविक पूर्णता, संतुष्टि, तृप्ति और परमानंद देगा। और शायद, यही आपको उस ईश्वरत्व का भी अनुभव करवाएगा जिसे आप इधर उधर कभी कभी खोजने का प्रयत्न करते हैं।
आप कोई साधारण जीव नही हैं। आप असाधारण मनुष्य हैं और देखिए, प्रभु की असीम अनुकंपा आपके साथ है जिसने आपको यह महान अवसर दिया है। इसीलिये अपनी बेवकूफियों और बाकी जो मूर्खता कर रहे हैं उनसे ऊपर उठना आपका परम् कर्तव्य है धर्म है। ज़्यादा से ज़्यादा होश में रहिए, जो आप कहते हैं, जो आप पढ़ते हैं, जो आप सुनते हैं, और जो आप करते हैं — उसे सर्वोत्तम बनाइए, उसे दिव्य बनाइए, उसे ज्यादा से ज्यादा शुभ बनाइए। जान लीजिए, यही आपकी सच्ची प्रार्थना है। बाकी सब बकवास है। यकीन मानिये की यही वह संकल्प और शक्ति है जो आपकी ज़िंदगी बदलेगी।
आज मेरे आराध्य प्रभु जी से प्रार्थना है कि आप इस सुनहरे अवसर का पूरा लाभ उठायें। जो ब्रह्मत्व है और जो सत्य है, अमृत है और जीवन का असल लक्ष्य है उसे जल्द से जल्द पहचाने तथा सफलता और श्रेष्ठता प्राप्त करें।
प्रभु आपको और आपके परिवार को हमेशा सुरक्षित, स्वस्थ एवं प्रसन्नचित रखें। इन्ही सब मंगल शुभकामनाओं के साथ आप सभी को एक बार पुनः प्यार भरा नमस्कार 🙏🏼
श्री रामाय नमः। ॐ हं हनुमते नमः।
