Manifestation • Mindset • Abundance • Blessings Your future self has brought you here. Time to Align, Attract & Evolve, Now🦸
कभी-कभी ब्रह्मांड हमें ज़बरदस्ती ‘पॉज़’ बटन दबाकर बैठा देता है, ताकि हम उस मधुर संगीत को सुन सकें जो जाने कब से बज रहा था और जिसे हम शोर में भूल गए थे। अक्सर हम जीवन की ‘बड़ी तस्वीर’ देखने के चक्कर में उन सूक्ष्म बारीकियों को खो देते हैं, जो वास्तव में हमें जीवित रखती हैं। इन रविवारीय लेखों में, अक्सर मैं उन सहज और साधारण बातों पर ही चर्चा करता हूँ जिन्हें हम ‘गैर-जरूरी’ मानकर छोड़ देते हैं, पर असल में वही इस जीवन और प्रकृति (Universe) की एक संतुलित एवं साहचर्यपूर्ण अवधारणा को पुष्ट करती हैं तथा ईश्वरीय अस्तित्व का बोध कराती हैं।
याद रखिये कि जैसे शांति से ली गई एक साधारण सी सांस भी ईश्वर की कृपा का सबसे बड़ा चमत्कार है, ठीक वैसे ही जीवन की सबसे मूल्यवान बातें हमेशा भारी-भरकम और रहस्यमयी नहीं होतीं।
बहुत सारी बातें केवल उस संतोष का पर आधारित हैं जो हर हाल में साथ रहे, उस सहनशीलता का नाम हैं जो टूटने न दे, और उस समर्पण का नाम हैं जो मुस्कुराकर कह सके— “प्रभु, तेरी मर्जी में ही मेरी मर्जी है”।
मेरा मानना है कि जो पहले से लिखा गया है केवल उसे रटने के बजाय, साधारण सी लगने वाली अत्यंत महत्वपूर्ण बातों को गहराई से समझना, उन्हें आत्मसात करना और अपने दैनिक व्यवहार में उतारना ही वास्तव में सच्ची प्रार्थना है। परमात्मा का अनुभव और बोध का सार ग्रंथों के ढेर में नहीं, बल्कि जीवन की इसी सरलता और सहजता में छिपा है।
मैं आज अपने आराध्य प्रभु जी से प्रार्थना करता हूं कि वे न सिर्फ आपको जल्द ही उस विश्वास, काबिलियत, सामर्थ्य, महानता और श्रेष्ठता से भर दें जो न केवल आपके स्वास्थ्य को नई शक्ति दे, बल्कि आपको कुछ विराट रचने में भी सहायक सिद्ध हो। ईश्वर आपके जीवन की तमाम उलझनों को अपनी करुणा और कृपा से सुलझा दें और आपके अंतर्मन को एक ऐसे सुकून और आनंद से भर दें जिसकी तलाश में पूरी दुनिया भटक रही है।
आप और आपका परिवार सदैव स्वस्थ रहे, सुखी रहे और सदैव उनकी कृपा की शीतल छत्रछाया में सुरक्षित रहे। इन्हीं मंगल शुभकामनाओं के साथ आपको सप्रेम सादर प्रणाम। 🙏
श्री रामाय नमः। ॐ हं हनुमते नमः।
