Manifestation • Mindset • Abundance • Blessings Your future self has brought you here. Time to Align, Attract & Evolve, Now🦸
आप सब मित्रों और स्नेहीजनों को आज की राम राम 🙏रविवार का दिन मेरे लिए गहरा चिंतन और विश्लेषण करने का दिन होता है। आप जानते ही हैं कि मैं अक्सर उन बातों पर गौर करता हूँ जो हमारे बुजुर्गों, गुरुओं ने कही हैं या हमारे धार्मिक ग्रंथों में लिखी गई हैं। हाल ही में मैंने एक लेख पढ़ा, जिसने मेरे दिल को छू लिया। उसका भाव इतना गहरा था कि उसने मुझे सोचने पर मजबूर कर दिया।
भाव ये था कि जिस संसार में हम सब जी रहे हैं वो केवल जीवित लोगों और कंक्रीट की इमारतों तक सीमित नहीं है बल्कि यह अदृश्य ‘कंपनों’ (Vibrations) और ‘चेतनाओं’ (Consciousness) से भरा हुआ है, प्रतीक्षा करती हुई अनगिनत ऊर्जाओं और आत्माओं से भरा हुआ हैं—कुछ अत्यंत सात्विक और दैवीय, तो कुछ अत्यंत घटिया, शैतान और नकारात्मक।
इसे बहुत गहराई से समझ लीजिए। ये अदृश्य शक्तियां निरंतर हमारे भीतर प्रवेश का मार्ग खोजती रहती हैं। लेकिन इनके पास हमारे मन के – घर की चाबी नहीं है; वो चाबी है हमारी ‘मनोदशा’ हमारा ‘मनोभाव’ (Mood)। जब आप उदास, कुंठित या गुस्से में होते हैं, तो आप अनजाने में अपने चारों तरफ ‘Bad Energy’ और उन नकारात्मक चेतनाओं के लिए द्वार खोल देते हैं जो आपको पथभ्रष्ट करने की ताक में बैठी हैं 🤣
इसके विपरीत, जो इंसान ‘अहोभाव’ (Gratitude) और आंतरिक प्रसन्नता तथा आनंद की अवस्था में रहता है, वह ज्यादातर सुरक्षित रहता है। प्रसन्नता एक ऐसी अभेद्य दीवार है जिसे भेदना किसी भी नकारात्मक ऊर्जा के लिए असंभव है। प्रसन्नता केवल एक भावना नहीं, बल्कि एक शक्तिशाली हथियार भी है। जब आप मुस्कुराते हैं और अनुग्रहित रहते हैं, तो आप ब्रह्मांड की उन श्रेष्ठ और दिव्य शक्तियों से जुड़ जाते हैं जो आपकी आध्यात्मिक एवं सांसारिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती हैं। जिसे जगत ‘भाग्य’ या ‘चमत्कार’ कहता है, वह वस्तुतः आपके प्रसन्नचित्त व्यक्तित्व, अहोभाव, सरल सहज स्वभाव का ही प्रतिफल है।
आज इस फुर्सत भरी सुबह में, आईने के सामने खड़े होकर अपनी आँखों में झाँकिए। वहां आपको क्या दिख रहा है? एक ऐसा चेहरा जो किसी बोझ से दबा है? मुंह नाभि तक लटका हुआ है? या एक ऐसा चेहरा जिसमें आज के लिए एक उल्लास है और आने वाले कल के लिए एक चमक और मुस्कुराहट है? बस आपको पता चल जायेगा कि आप कौन सी फ्रीक्वेंसी पर हैं और आज आप क्या पकड़ने वाले हैं और कैसी ऊर्जा से, चेतना से भरे रहने वाले हैं 🫣।
अक्सर हम सोचते हैं कि परिस्थितियां हमारे विचार, हमारे मनोभाव तय करती हैं। लेकिन सच बिल्कुल इसके उलट है—आपके विचार आपके मनोभाव आपकी परिस्थितियां तय करते हैं।
हो सकता है आज आपके पास खुश होने का कोई बहुत बड़ा कारण न हो। बीमार हों, घर संसार की कोई चिंता हो या कोई व्यापारिक अथवा सामाजिक उलझन। लेकिन दोस्त, कारण मत खोजिए। बस सुरक्षित रहने के लिए मुस्कुराइए। श मानिए कि प्रसन्नता – आपकी मुस्कराहट एक हथियार है। एक ऐसा कवच, जो आपको उन अदृश्य मुसीबतों से बचाता है जिनका आपको अंदाज़ा भी नहीं है। आप आनंदित होते हैं, तो पूरी प्रकृति आपको सहारा देने के लिए अपनी बाहें फैला देती है।
उदास होकर अपने ही रास्ते में कांटे बिछाना बंद कीजिए। तो चलिए, आज एक छोटा सा प्रयोग करते हैं। बस इस बात के लिए कि “मैं जीवित हूँ और साँस ले रहा हूँ”, एक लंबी गहरी साँस लें और धीरे से मुस्कुरा दें। अपने चारों ओर खुशियों का एक ऐसा घेरा बना लें, ऊर्जा का एक ऐसा प्रभामंडल (Aura) बना लें की कोई भी बाहरी शोर या नकारात्मकता आपकी आंतरिक शांति को इस प्रसन्नता को भंग न कर सके। यही समझ बनाए रखना और इसी बात का निरंतर प्रयास मेरी और आपकी वास्तविक प्रार्थना होगी।
मेरे आराध्य प्रभु जी से आज यही विनती है कि हमारे अंतःकरण को ऐसा कर दीजिए कि वह हर परिस्थिति में मुस्कुराता रहे। हमें ऐसा विश्वास दीजिए जो कभी डगमगाए नहीं और ऐसी भक्ति दीजिए जो हमेशा उनके श्री चरणों से जोड़े रखे। आपकी एक कृपा-दृष्टि से ही सब कुछ ठीक और सुंदर हो जाता है—बस वही कृपा अपने सभी भक्तों पर सदा बनाए रखिए 🙏
आपके घर में प्रेम, एकता और आनंद का वास सदा बना रहे, आपके मार्ग की सब बाधाएँ दूर हों और समृद्धि के सब द्वार खुल जाएँ इसी मंगल कामना के साथ उनसे ये भी विनती है कि आप स्वस्थ रहें, शांत रहें और अपने अपने आराध्य का नामजप करते हुए मुस्कुराते हुए जीवन में निरंतर आगे बढ़ते रहें। आपको एक बार पुनः सप्रेम सादर प्रणाम और अनेकों मंगलशुभकामनाएँ 💐
श्री रामाय नमः। ॐ हं हनुमते नमः।
