शारदीय नवरात्रि और रामलीला महोत्सव की अनंत बधाइयाँ 🌿

कालका माई की असीम कृपा से शारदीय नवरात्रि का यह पावन शुभारंभ हम सभी के लिए अत्यंत शुभ, सुखद, मंगलमय और कल्याणकारी साबित हो।

आज से आरंभ हुआ यह नौ दिवसीय महापर्व केवल अनुष्ठान या पूजा-पाठ का क्रम नहीं है; बल्कि यह अपने अंतःकरण को माँ के आशीर्वाद के योग्य बनाने की एक सुंदर साधना भी है। उम्मीद है कि शरीर, मन और आत्मा—तीनों स्तरों पर शुद्धि, संतुलन और जागरण के इस पावन अवसर का आप भरपूर लाभ उठाएंगे।

और यह तभी संभव होगा जब हम हर बार की तरह सिर्फ खाने-पीने का व्रत करके न रह जाएँ। अन्न और नमक के साथ-साथ इस बार ज़ुबान से कड़वाहट और ग़ुस्सा भी छोड़िए; मन से दिखावा, अहंकार और बेमतलब की चिंताएँ भी बाहर निकालिए। नियम और पूजा-पाठ अपनी जगह पूरी श्रद्धा से निभाइए, पर अपने व्यवहार को भी थोड़ा नरम, मीठा और संवेदनशील बनने दीजिए।

सच तो यह है कि सच्ची पूजा पाठ  अनुष्ठान वही हैं जो हमारे स्वभाव को बदल दे। जब दिल में विनम्रता और बातों में अपनापन घुल जाए; जब किसी लाचार से बात करते हुए लहज़ा नरम पड़ जाए, किसी की ग़लती को बिसार कर माफ़ करना आसान लगने लगे और अपनी वाहवाही बटोरने के बजाय हम ख़ामोशी से किसी के काम आने लगें—वही असली प्रार्थना है – उनकी भक्ति है।

माँ भगवती से आज बस यही विनम्र प्रार्थना है कि वे हमारे भीतर सत्कर्मों की प्रेरणा जागृत करें। हमारे विचार शुभ हों, आचरण श्रेष्ठ हो, जिससे न केवल हमारा अपना जीवन सार्थक बने और हमारे उद्धार का मार्ग प्रशस्त हो, बल्कि हमारा सम्पूर्ण परिवेश भी सौन्दर्य, माधुर्य और समरसता से महक उठे—और हम समग्र सृष्टि के कल्याण में अपना थोड़ा बहुत योगदान दे सकें।

आप सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्नचित्त रहें, आपका प्रत्येक क्षण भगवदीय विधान के प्रति अटूट समर्पण से भरा रहे, आपके घर-आँगन में सुख-समृद्धि और आनंद की वर्षा होती रहे तथा आपके सभी शुभ संकल्प तेजी से पूरे हों – इन्हीं सब मंगलकामनाओं के साथ आपको एक बार पुनः शारदीय नवरात्रि और रामलीला महोत्सव की अनंत बधाइयाँ 🌿

जय कालका माई 🌿

या देवी सर्वभूतेषु मातृरूपेण संस्थिता
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः🙏

Leave a Reply