Manifestation • Mindset • Abundance • Blessings Your future self has brought you here. Time to Align, Attract & Evolve, Now🦸
कहाँ है ईश्वर? ज्ञान, आध्यात्म या धर्म असल में क्या हैं हम साधारण लोगों के लिए? ये प्रश्न सदियों से हमारे भीतर उठते रहे हैं—और अक्सर अनुत्तरित ही रह जाते हैं। हर रविवार मैं भी आपकी तरह इन्हीं पेचीदा सवालों के धागे सुलझाने की कोशिश करता हूँ, ताकि हम जैसे सामान्य लोगों के लिए कोई सीधी राह निकल सके—एक ऐसा सरल समाधान, जिसे हम अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी में उतार सकें।
हम अक्सर सोचते हैं कि ईश्वर कहीं बहुत दूर हैं — आकाश में है, पहाड़ों में छिपा हुआ, केवल मंदिरों में बंद या इस जीवन की अंतिम साँस के बाद मिलने वाले किसी पुरस्कार में। ये सोच ठीक नहीं है।
मेरा मानना है कि आपके और मेरे दैनिक जीवन के बाहर कोई ज्ञान, धर्म या परमात्मा हो ही नहीं सकता। जो ‘यहाँ’ और ‘अभी’ उपलब्ध नहीं है, वह कहीं और हो भी नहीं सकता है। जैसे जीवन की सबसे कीमती चीज़ें—साँस, धूप और आकाश—सबके लिए मुफ्त और सहज रूप से हर जगह उपलब्ध हैं, ईश्वर भी उतना ही सुलभ है।
लेकिन सच तो ये है कि हमारा जटिल मन इतनी साधारण और सरल बात को स्वीकार ही नहीं कर पाता है। शास्त्रों के अनुसार भी परमात्मा से संपर्क बाहरी साधनों से नहीं, बल्कि अंतरात्मा की शुद्धता और कर्तव्यों के प्रति निष्ठा से साधा जा सकता है। जब मन निर्मल, चित्त स्थिर और बुद्धि विवेकयुक्त बनती है, जब दिनभर की थकान के बाद भी परिवार के लिए शब्दों में कोमलता और हृदय में प्रेम बचाए रखते हैं में कोमलता बनी रहती है, जब आप उस व्यक्ति को भी सम्मान देते हैं जिससे आपको कुछ भी पाने की अपेक्षा नहीं होती, जब कोई देख नहीं रहा होता और फिर भी आप ईमानदार रहते हैं, तब जाकर हृदयस्थ परमात्मा का साक्षात्कार संभव होता है।
याद रखिये कि आपके हर क्षण में ईश्वर की उपस्थिति है, बशर्ते आप उसे पूरी जागरूकता से जी रहे हों। आपकी हर सामान्य गतिविधि धार्मिक है और आपका हर कार्य आध्यात्मिक, यदि आप उसे पूरी निष्ठा और समर्पण से करते हैं। आपका घर और दफ्तर ही असली मंदिर हैं, यदि आप वहाँ अपने कार्यों को सेवा और प्रेम के भाव से संपन्न करते हैं।
ईश्वर केवल एक घंटे की पूजा में सीमित नहीं है; वह तो दिन के बाकी तेईस घंटों के आपके आचरण और व्यवहार में पाया जाता है। इसलिए कहीं बाहर कुछ ‘ऊँचा’ खोजने के बजाय, अपनी सोच, अपने शब्दों और अपने कर्मों को इतना सुंदर और महान बना लीजिए कि आपका जीवन ही उसकी सबसे श्रेष्ठ प्रार्थना बन जाए। वास्तव में, जीवन को सही ढंग से जीने की यही समझ और यही प्रयास ही ईश्वर की सच्ची आराधना है।
याद रखना कि आप कभी पशु थे, कभी पक्षी थे, कभी पौधे थे और कभी निर्जीव पहाड़ थे। इस बार उनकी अनंत कृपा से मनुष्य हो गये हो। इसीलिए आज मेरे आराध्य प्रभु जी से ये विनती है कि आप इस मनुष्य होने के अपूर्व अवसर का ठीक-ठीक उपयोग कर पाएं और भूल से भी ये श्रेष्ठ बनने का, श्रेष्ठ करने का और श्रेष्ठ पाने का सुनहरा अवसर खोने न पाए।
आप सदैव स्वस्थ और प्रसन्न रहें तथा आपके भीतर सकारात्मकता और प्रेम का प्रवाह बना रहे… इन्हीं मंगल शुभकामनाओं के साथ आपको सप्रेम नमस्कार 🙏
श्री रामाय नमः। ॐ हं हनुमते नमः।
