रविवारीय प्रार्थना – हर दिन ‘जीवन से और अधिक जीवन’ की ओर बढ़ना, न कि मृत्यु की ओर।

सुप्रभात। आज रविवार की इस शांत सुबह, जब बाहर हल्की बूंदा-बांदी हो रही है, आइए खुद से एक बेहद सीधा सवाल पूछते हैं—मेरे और आपके जीवन का असली मकसद क्या है? क्योंकि बिना ये जाने, हम चाहे कितना भी कुछ कर लें—सब बेमानी है। मेरी समझ में इस जीवन का एक ही सबसे बड़ा उद्देश्य है—हर दिन ‘जीवन से और अधिक जीवन’ की ओर बढ़ना, न कि मृत्यु की ओर बढ़ना।

अब सवाल यह है कि ‘और अधिक जीवन’ की ओर बढ़ने का अर्थ क्या है? इस प्रश्न का उत्तर खोजते वक्त ध्यान उन महान, सफल और सिद्ध पुण्यात्माओं की ओर जाता है, जिन्हें इस धरती से गए हुए कई सदियाँ बीत चुकी हैं, लेकिन जिन्हें हम आज भी ईश्वरतुल्य मानकर पूजते हैं और जिनके आचरण पर चलने का प्रयास करते हैं। वे इसलिए अमर नहीं हुए कि उन्हें बहुत कुछ पता था, या उनके पास बहुत सारी डिग्रियां और धन था बल्कि इसलिए हुए क्योंकि उन्होंने सनातन सोच और मूल्यों को अपने आचरण में जिया। अपने जीवन को इतनी संपूर्णता से जिया कि समय भी उन्हें मिटा नहीं सका। बस, यदि यह एक बात समझ आ जाए और हम इसे जीना शुरू कर दें, तो फिर किसी बात की चिंता नहीं—सब कुछ स्वतः ही संवर जाएगा।

पर दुख की बात यह है कि हम इस बात को लगातार टालते रहते हैं। आखिर कब तक हम ऐसे जिएंगे, जैसे हमें जीना ही नहीं आता? कितने ही बेशकीमती साल यूँ ही ‘कल’ के इंतज़ार में बीत गए। ज़रा ठहरकर सोचिए—यदि आज ही इस संसार से विदा लेने का समय आ जाए, तो क्या होगा? क्या आपने अपना बैकुंठ पक्का कर लिया है? क्या आपने वह सब कर लिया जो आपको करना था, और जीवन को पूरी तरह से जी लिया? या फिर अभी सब कुछ अधूरा-अधूरा है—शायद कई ज़रूरी काम तो ऐसे भी होंगे, जिन्हें आपने अभी तक शुरू भी नहीं किया होगा 🤭।

आज के मेरे इस रविवारीय चिंतन का मुख्य उद्देश्य बस यही है कि आप आज से ही—अभी से ही—अपने आध्यात्मिक अंतःकरण के निर्माण में जुट जाएँ। आज ही से धर्म के उस सनातन पथ पर अग्रसर हो जाएँ, जिस पर चलकर आपके पुरखों और महापुरुषों ने परम सिद्धि को प्राप्त किया है। अपने आचार, विचार, व्यवहार, अभिव्यक्ति और सृजन—जो कुछ भी आप करें—उसके प्रति पूरी तरह संवेदनशील हो जाएँ और उसे शुभता से भरना शुरू कर दें।

इसलिए, आज ही व्यर्थ के आडंबरों से मुक्त होकर, क्षणिक सुखों तथा लोभ-भोग की वृत्तियों से ऊपर उठकर, अपने आध्यात्मिक और अस्तित्व की सर्वोच्च उत्कृष्टता की ओर निरंतर बढ़ते रहना—और इस सनातन सत्य को हर दिन पूरी ईमानदारी व संपूर्णता से जीना ही सच्ची प्रार्थना है।

मैं आज अपने आराध्य प्रभु से यही प्रार्थना करता हूँ कि वे आपको हर नए दिन के साथ ‘जीवन से और अधिक जीवन’ की ओर बढ़ने की—और इस संसार से विदा लेने के बाद आप किस रूप में याद किए जाएँगे, उस सार्थक विरासत को गढ़ने की—सही दृष्टि, ऊर्जा और स्पष्टता प्रदान करें।

आप सदैव स्वस्थ और प्रसन्नचित्त रहें, आध्यात्मिक उत्थान एवं लौकिक-पारलौकिक अनुकूलताओं के सृजन में व्यस्त रहें, तथा निरंतर उस अनंत, विराट और असीम चेतना में एकाकार होते चले जाएँ, जिसे हम ईश्वर कहते हैं। इन्हीं हार्दिक शुभकामनाओं के साथ स्नेहपूर्ण नमस्कार 🙏

श्री रामाय नमः। ॐ हं हनुमते नमः।।

Leave a Reply