रविवारीय प्रार्थना: अपने अभावों को मिटाने की जल्दी और वर्चस्व को बचाए रखने की दौड़ के बीच उस क्षण की तैयारी में जुटे रहना जहाँ न कोई अपील होगी, न दूसरा मौका और न ही कुछ बदलने का अवसर 🤭

आज हम एक ऐसे दौर में साँस ले रहे हैं जहाँ ज्ञान, वैभव, संसाधन और प्रतिष्ठा की सीढ़ी पर—निचले स्तर से लेकर ऊंचे शिखर तक खड़ा हर मनुष्य—अजीब सी हड़बड़ी में है। अभाव में जीने वाले को अपनी ‘कमी’ पूरी करने की आतुरता है, तो संपन्न को अपना ‘वर्चस्व’ बचाए रखने की। विडंबना यह है कि हर कोई इस अंधी दौड़ का हिस्सा बना भाग रहा है, पर जानते-बूझते हुए भी उस एकमात्र सत्य की तैयारी किसी के पास नहीं है जो प्रत्येक जीवन का अंतिम पड़ाव है। जब वह निर्णायक क्षण सम्मुख आएगा, तो इस जगत की कोई संपदा, आडंबर, पाखण्ड, दिखावा या चतुराई साथ नहीं देगी और न ही साथ देंगे आपके लोग; न कोई मुखौटा शेष रहेगा और न ही कुछ छिपाने की गुंजाइश होगी। बस आप होंगे और वह परम सत्ता—जहाँ न कोई अपील होगी, न दूसरा मौका और न ही कुछ बदलने का अवसर। तब क्या होगा?

इन्ही सब महत्वपूर्ण बातों और प्रश्नों का उत्तर खोजने और जीवन की इस अंधी दौड़ को सही दिशा देने की एक सार्थक पहल है मेरे ये रविवारीय लेख। हर रविवार अपने इन चिंतनों के माध्यम से मैं स्वयं को और अपने लोगों और उस एक खास समुदाय को—जो मुझ पर विश्वास करता है और मुझसे जुड़ा रहता है—जीवन के असली उद्देश्य को समझने, परमेश्वर को और गहराई से जानने, उनके वचन में आगे बढ़ने तथा उस परम लक्ष्य की तैयारी में जुटे रहने की प्रेरणा देता हूँ जो सनातन सत्य है।

क्योंकि आपका आज का दिन और आने वाला प्रत्येक पल उसी अनंत की यात्रा की तैयारी है—इसलिए इसे हल्के में न लें। और तब खास कर के जब जीवन के लिए आवश्यक संसाधन जुट गए, तो फिर किस बात की चालाकी और किसलिए यह अंतहीन होड़? अब तो केवल उस परम लोक की तैयारी में जुट जाना ही समझदारी है। ईश्वर द्वारा दिए गए इतने ज्ञान, बोध, बुद्धि और सबसे बढ़कर इस अनमोल समय के रहते हमें अपनी आत्मिक साधना में लग जाना चाहिए—ताकि जब उस परम सत्ता से रूबरू होने का क्षण आए, तो हमें न तो शर्मिंदा होना पड़े और न ही किसी बात का पछतावा रहे।

हालाँकि उस अनंत यात्रा का कोई स्पष्ट नक्शा कहीं लिखा नहीं है, लेकिन अपनी समझ, विवेक, यंहा पर सुख-सुविधाओं, अनुकूलताओं के सृजन में लगे होने के बीच अपने अंतिम लक्ष्य को सदैव सर्वोपरि रखना ही सही मार्ग है। जीवन का असली सार और शायद सर्वश्रेष्ठ प्रार्थना यही है कि हम स्वयं को ‘जीवन से और अधिक जीवन’ की ओर ले चलें— पहले साधारण से श्रेष्ठ बनें, और फिर श्रेष्ठ होकर भी सहज व साधारण बने रहें तथा अपने पीछे एक अधिक सुंदर व बेहतर दुनिया छोड़ जाने का निरंतर प्रयास करते रहें।

आज मैं अपने आराध्य प्रभु जी से यही प्रार्थना करता हूँ कि वे हम सबको हर दिन को सही मायने में जीने की समझ दें। प्रभु करें कि हमारे विचार, शब्द और कर्म इतने सच्चे और नेक हों कि वे न सिर्फ़ इस जीवन में हमें सुकून, शांति और संतोष दें, बल्कि जब हमारी यह जीवन-यात्रा पूरी हो, तो हम बिना किसी संकोच के अपने सृष्टिकर्ता के सामने मुस्कुराते हुए खड़े हो सकें।

आपका जीवन लौकिक और पारलौकिक—दोनों दृष्टियों से नित्य समृद्ध होता रहे एवं आप सदा स्वस्थ, शांत, आनंदित और सार्थक बने रहें – इन्हीं मंगलकामनाओं के साथ आपको सप्रेम नमस्कार 🙏

श्री रामाय नमः। ॐ हं हनुमते नमः।।

Leave a Reply